सोनीपत में नेशनल हाईवे 44 पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सोनीपत के सेक्टर-7 फ्लाईओवर के पास एक्सीडेंट में दूध के कैंटर हेल्पर की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कैंटर का टायर पंचर होने के कारण वाहन सड़क किनारे खड़ा था और चालक व परिचालक नीचे उतरे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पंचर के दौरान बना हादसे का कारण दूध का कैंटर जब सेक्टर-7 फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो अचानक उसका टायर पंचर हो गया। इस पर ड्राइवर सोनू और हेल्पर प्रवीण वाहन से नीचे उतरकर टायर ठीक करने लगे। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने लापरवाही से कैंटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर के हेल्पर प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ड्राइवर सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रक का केबिन भी हुआ क्षतिग्रस्त, एक व्यक्ति फंसा हादसे के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार एक व्यक्ति अंदर फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। 28 वर्षीय मृतक प्रवीण, यूपी के गांव खेकड़ा, जिला बागपत, यूपी का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है।


