करीब एक माह पहले पशु के कारण हुए हादसे में घायल युवक की मौत हो गई। राजस्थान के अलीपुर निवासी युवक अबोहर में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। करीब एक महीने पहले अबोहर के कुलार गांव के पास पशु से टकराने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जयपुर में उसका इलाज चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को उसका शव पोस्टमार्टम के लिए अबोहर लाया गया है। यहां की पुलिस कार्रवाई कर रही है। दुखद बात यह है कि दो साल पहले उसके बड़े भाई की भी इसी तरह पशु से टकराने के कारण मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय सुखमंदर सिंह पुत्र दर्शन अबोहर में ही दिहाड़ी मजदूरी करता था। 27 मार्च की शाम को अबोहर के सीतो गुन्नों से मजदूरी कर बाइक पर अपने गांव अलीपुर लौट रहा था। कुलार के पास सड़क पर अचानक एक पशु आ जाने से उसकी बाइक उससे टकरा गई। हादसे में सुखमंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे श्रीगंगानगर रेफर किया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया। कल रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आज सुबह उसके शव को अबोहर की मोर्चरी में लाया गया। बजीतपुर भोमा चौकी के हवलदार जसदीप सिंह ने अस्पताल में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। इन बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई है। परिजनों ने बताया कि सुखमंदर के बड़े भाई जग्गा की भी दो साल पहले इसी प्रकार पशु से टकराने के कारण मौत हो गई थी। जग्गा की पत्नी और बच्चों की देखरेख सुखमंदर ही कर रहा था, और अब उसकी मौत से यह परिवार बेसहारा हो गया है।


