मेंहदावल कस्बे के बहबोलिया मोहल्ले में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जमोहरा गांव के इन दोनों पक्षों में मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया, जिसके बाद लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। इस घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पक्ष द्वारा अचानक हमला किए जाने के बाद दूसरे पक्ष के लोग भी उग्र हो गए। करीब आधे घंटे तक बाजार में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलते रहे। घटना के दौरान बाजार में खरीदारी करने आए लोग जान बचाकर भागने लगे और दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जमोहरा गांव के कुछ लोग एक लड़की की शादी के सिलसिले में सामान खरीदने बहबोलिया बाजार आए थे। उसी दौरान गांव का दूसरा पक्ष भी वहां आ गया। दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था, जिसके चलते आमना-सामना होते ही कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते यह मारपीट में बदल गई। आरोपी मौके से फरार सूचना मिलते ही मेंहदावल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया, जबकि कई आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और बाजार में देर तक पुलिस बल तैनात रहा। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। घायलों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


