बीकानेर में मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही मची हलचल:बीछवाल स्थित इंडियन ऑयल प्लांट में आग की सूचना पर दौड़ी दमकल गाड़ियां

बीकानेर में मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही मची हलचल:बीछवाल स्थित इंडियन ऑयल प्लांट में आग की सूचना पर दौड़ी दमकल गाड़ियां

बीकानेर शहर में गुरुवार को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सुबह 9 बजकर 2 मिनट पर सायरन बजते ही शहर में हलचल मच गई। राह चलते लोग एक पल के लिए घबरा गए और एक-दूसरे को फोन कर जानकारी लेने लगे कि आखिर क्या हुआ है। मॉक ड्रिल के तहत बीछवाल स्थित इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तेजी से श्रीगंगानगर रोड स्थित प्लांट की ओर रवाना हुईं। प्लांट के गेट पहले से खुले रखे गए थे, ताकि दमकल वाहन बिना देरी के भीतर पहुंच सकें। पर्यटन व्यवसायी विनोद भोजक ने बताया कि अंबेडकर सर्किल तक मॉक ड्रिल के लिए बजे सायरन की आवाज सुनाई दी है। फायर ब्रिगेड की तत्परता परखी गई बीछवाल और मुरलीधर व्यास नगर स्थित फायर स्टेशनों से दमकल वाहनों को रवाना किया गया। सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल तक पहुंचने में लगे समय का विशेष रूप से आकलन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय और संसाधनों की उपलब्धता को परखना है। प्रशासन और अस्पताल भी रहे अलर्ट मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं पीबीएम अस्पताल में काल्पनिक घायलों को पहुंचाने की व्यवस्था की गई। अस्पताल प्रशासन ने घायलों के पहुंचने और उपचार शुरू होने के समय को भी रिकॉर्ड किया। आपदा से निपटने की तैयारियों का परीक्षण हाल ही में पचपदरा रिफाइनरी में आग की घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को लेकर सतर्कता बढ़ी है। इसी कड़ी में बीकानेर में यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई, ताकि आग जैसी आपदा की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *