फर्रुखाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। जिले में इसके लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन अभ्यर्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई, लेकिन अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से ही प्रवेश दिया जाने लगा था। केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिसमें मेटल डिटेक्टर से जांच भी शामिल है। इसके बाद बायोमेट्रिक कराई गई। यह भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल तक यानी तीन दिनों तक चलेगी। इसमें इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कन्नौज सहित अन्य जनपदों से भी अभ्यर्थी शामिल होने आए हैं। जनपद में तीन दिनों में कुल 42,624 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें से एक पाली में 7,104 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही केंद्रों के बाहर पहुंचना शुरू हो गए थे। इटावा से आए राम मोहन ने बताया कि वे देर रात अपने घर से रोडवेज बस से फर्रुखाबाद पहुंचे और सुबह 5 बजे ही आ गए थे। उन्होंने परीक्षा की बेहतर तैयारी होने की बात कही। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।


