कानपुर के ईदगाह चौराहे के पास कार गैराज में भीषण आग लग गई। गैराज में कई कार जल कर राख हो गईं। आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंच गई हैं। शहर के ईदगाह स्थित गूदड़ बस्ती इलाके में कार गैराज में शुक्रवार रात करीब 11 बजे आग लग गई। आग की 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।
क्षेत्रीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद करीब 15 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
स्थानीय पार्षद आलोक पाण्डेय ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि आग बुझाने का प्रयास जारी है और फायर ब्रिगेड मौके पर मौजूद है।
उन्होंने बताया कि यहां कार का गैराज है, जनता गैराज मे आग लगी, जिसमें तकरीबन 5 कार जलकर राख हो गई। एसीपी सीसामऊ अमरनाथ यादव ने बताया कि बजरिया थाना क्षेत्र के ईदगाह में सूचना मिली कि यहां आग लग गई। तत्काल ही फायर विभाग को सूचना दी गई, सीएफओ को सूचना दी गई। करीब 8 फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पा लिया गया है, कोई जनहानि नहीं हुई है।
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि ईदगाह के पास आग लगने की सूचना मिली। भीषण आग लगने की सूचना पर कर्नलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन की चार-चार गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गईं।
आसपास घनी बस्ती है, इसे देखते हुए गंभीरता से लेते हुए फजलगंज और मीरपुर से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुला लिया गया। मौके पर 7 गाड़ियां पहुंच गईं।
संभावतः शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। इसकी पुष्टि बाद में होगी। किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। आग को तकरीबन 45 मिनट में पूरी तरह से बुझा दिया गया है।


