शाजापुर में परशुराम प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में वाहन रैली निकाली:26 अप्रैल की शोभायात्रा का समाजजनों को दिया आमंत्रण

शाजापुर में परशुराम प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में वाहन रैली निकाली:26 अप्रैल की शोभायात्रा का समाजजनों को दिया आमंत्रण

शाजापुर में भगवान श्री परशुराम प्रकटोत्सव को लेकर सर्व ब्राह्मण समाज में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवाओं और वरिष्ठजनों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन रविवार को होने वाली मुख्य शोभायात्रा की तैयारियों के संकल्प के रूप में देखा जा रहा है। समाज के मीडिया प्रभारी मोहित व्यास ने बताया कि वाहन रैली एबी रोड स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर से जयघोष के साथ शुरू हुई। यह रैली टंकी चौराहा, महूपुरा, आजाद चौक और बस स्टैंड जैसे प्रमुख इलाकों से होती हुई दुपाड़ा रोड स्थित परशुराम मंदिर पर संपन्न हुई। रैली के दौरान समाजजन चामुंडा टेकरी स्थित मंदिर भी पहुंचे, जहां भगवान श्री परशुराम जी की विधि-विधान से महाआरती की गई। समाज के अध्यक्ष दिलीप शर्मा और युवा इकाई अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार माना। रविवार को निकलेगी शोभायात्रा प्रकटोत्सव का मुख्य आकर्षण रविवार शाम पांच बजे निकलने वाली शोभायात्रा होगी। यह यात्रा मां राजराजेश्वरी मंदिर से शुरू होकर नगर के विभिन्न चौराहों जैसे सोमवारिया, आजाद चौक और नई सड़क से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। आयोजन में पंडित अक्षय शर्मा (नागराज सरकार) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समाजजनों ने इस भव्य चल समारोह को सफल बनाने के लिए घर-घर जाकर पीले चावल देकर आमंत्रण भी बांटे हैं। समापन पर होगा विशाल भंडारा शोभायात्रा के समापन के बाद मां राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में समाज के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उपस्थित अतिथियों और वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन भी समाज को प्राप्त होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं और पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *