Mumbai Indians Controversy: IPL 2026 में मुंबई इंडियंस पर लगा कन्कशन रूल के गलत इस्तेमाल का आरोप। मिचेल सैंटनर की जगह शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल करने पर कोच माहेला जयवर्धने ने दी सफाई। जानें क्या है पूरा विवाद।
Mumbai Indians, Concussion Substitute Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच हुए इस बड़े मुकाबले में सिर्फ चौके-छक्कों की बात नहीं हुई, बल्कि एक बड़ा विवाद भी चर्चा का केंद्र बन गया। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) पर आरोप लग रहा है कि उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच में ‘कन्कशन सब्स्टीट्यूट’ (Concussion Substitute) नियम का गलत फायदा उठाकर शार्दुल ठाकुर को मैदान में उतारा।
ये था पूरा मामला
मैच के दौरान मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर कार्तिक शर्मा का एक शानदार कैच लपका। कैच तो जबरदस्त था, लेकिन गिरते वक्त सैंटनर अपने कंधे को पकड़ते नजर आए। इसके तुरंत बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। हैरान करने वाली बात तब हुई जब मुंबई ने सैंटनर की जगह शार्दुल ठाकुर को ‘कन्कशन सब्स्टीट्यूट’ के तौर पर मांगा और मैच रेफरी ने उसे मान भी लिया।
विवाद की असली वजह
सोशल मीडिया पर फैंस और एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाए कि जब सैंटनर को कंधे (Shoulder) में चोट लगी थी, तो ‘कन्कशन’ (सिर की चोट) का नियम कैसे लागू हुआ? फुटेज में सैंटनर ड्रेसिंग रूम में कंधे पर बर्फ लगाते भी दिखे। लोग पूछने लगे कि क्या मुंबई ने अपनी गेंदबाजी मजबूत करने के लिए चालाकी से शार्दुल को अंदर लिया?
कोच जयवर्धने ने तोड़ी चुप्पी
मुंबई की करारी हार के बाद कोच महेला जयवर्धने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर सफाई दी। उन्होंने कहा, ‘सैंटनर जब गिरे, तो उनका सिर और गर्दन पहले जमीन से टकराए थे। कंधे में चोट थी ही, लेकिन वापस आने के बाद उन्हें चक्कर (Dizziness) आने लगे और वो स्थिर महसूस नहीं कर रहे थे। हमने सुरक्षा के लिए उन्हें स्कैन के लिए भेजा और मैच रेफरी से रिक्वेस्ट की। सब कुछ नियमों के तहत ही हुआ।’
मजाक के अंदाज में महेला ने यह भी कहा कि, ‘सैंटनर शायद इस बात से दुखी होंगे कि उनकी बल्लेबाजी की तुलना शार्दुल से की गई, पर उस वक्त यही सही फैसला था।’
क्या है कन्कशन सब्स्टीट्यूट नियम?
अगर मैच के दौरान किसी खिलाड़ी के सिर या गर्दन पर चोट लगती है और उसे ‘कन्कशन’ (बेहोशी या चक्कर आना) के लक्षण होते हैं, तो टीम उसकी जगह दूसरा खिलाड़ी ले सकती है।
नियम 1: रिप्लेसमेंट ‘लाइक-फॉर-लाइक’ (एक जैसा खिलाड़ी) होना चाहिए।
नियम 2: मैच रेफरी की मंजूरी जरूरी है।
नियम 3: चोट सिर्फ मैच के दौरान ही लगनी चाहिए।
ये रहा मैच का नतीजा
भले ही शार्दुल ठाकुर मैदान पर आए, लेकिन मुंबई की किस्मत नहीं बदल सकी। चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को उनके घर में ही 103 रनों से करारी शिकस्त दी। अब देखना यह है कि सैंटनर की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद इस विवाद पर बीसीसीआई (BCCI) क्या रुख अपनाता है।
Sports – Patrika | CMS


