CSK के लिए क्या एमएस धोनी खेलेंगे अगला मैच? कोच माइक हसी ने दिया नया अपडेट

CSK के लिए क्या एमएस धोनी खेलेंगे अगला मैच? कोच माइक हसी ने दिया नया अपडेट

Michael Hussey on MS Dhoni: सीएसके आईपीएल 2026 के लीग चरण में अब तक आधे मैच खेल चुकी है, लेकिन सबसे खास खिलाड़ी एमएस धोनी अब तक मैदान पर नहीं उतरे हैं। वह इस मैच खेलेंगे भी या नहीं, इसको लेकर कोच माइक हसी ने नया अपडेट दिया है। 

चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के सबसे खास खिलाड़ी एमएस धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के मैचों से पहले टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं, लेकिन इस टूर्नामेंट के 19वें सीजन में वह अभी तक मैदान पर नहीं उतरे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले 44 वर्षीय को विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस करते और बैटिंग ड्रिल करते भी देखा गया था। लेकिन, मैच के दिन वह मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में नहीं आए, जिस कारण फैंस को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

ज्ञात हो कि शुरुआत में धोनी को पिंडली में खिंचाव के कारण पहले दो हफ्तों के लिए बाहर कर दिया गया था। लेकिन, अब लगभग एक महीना बीतने को है और पूर्व भारतीय कप्तान के सीएसके के लिए मैदान पर लौटने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। कुछ रिपोर्ट में कहा गया कि जब भी धोनी वापसी करेंगे तो वह शायद इम्पैक्ट सब के तौर पर ही खेलेंगे और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन ही निभाएंगे।

इम्‍पैक्‍ट सब नहीं, बतौर खिलाड़ी खेलेंगे धोनी

सीएसके के बैटिंग कोच माइक हसी ने गुरुवार को सभी अफवाहों को खारिज करते कहा कि जब भी धोनी वापसी करेंगे तो वह विकेटकीपिंग ही करेंगे। एमआई बनाम सीएसके मैच के दौरान होस्ट ब्रॉडकास्टर के साथ एक इंटरव्यू में हसी ने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि वह स्टंप्स के पीछे ही होंगे। उनके लिए सबसे बड़ी बात पिंडली की चोट है। यह बस दौड़ने और पारी के आखिर में अगर वह आते हैं, तो तेजी से एक-दो रन लेने की बात है। उन्हें बस यह पक्का करना होगा कि उनकी पिंडली इतनी मजबूत हो कि वह यह सब झेल सके।

उन्होंने आगे कहा कि लेकिन, निश्चित रूप से स्किल के लिहाज से हम जानते हैं कि एक कीपर के तौर पर वह क्या कर सकते हैं? हम जानते हैं कि वह बहुत अच्छी बैटिंग कर रहे हैं। इसलिए बस उम्मीद है कि उनकी पिंडली में वह आत्मविश्वास वापस आ जाए।

फिटनेस पर भी दिया अपडेट

हसी ने धोनी की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा कि उनकी हालत में अच्छा सुधार हो रहा है। वह सच में बहुत अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। मुझे पता है कि वह जितनी जल्दी हो सके, मैदान पर वापस आने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मुझे पता है कि सभी फैंस भी धोनी को मैदान पर खेलते हुए देखना चाहते हैं। इसलिए हमें उम्मीद है कि शायद अगले कुछ मैचों में वह वापस आ जाएं।

उन्‍होंने आगे कहा कि जाहिर है कि उन्‍हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए लगभग 100 प्रतिशत फिट होना होगा, क्योंकि वह नेट्स में अच्छी बैटिंग कर रहे हैं और वह काफी अच्छे भी दिख रहे हैं। बस हमें यह भी चाहिए कि वह विकेटों के बीच तेजी से दौड़ भी पाए।

सीएसके का अगला मैच 26 को जीटी से

सीएसके आईपीएल 2026 के लीग चरण में अब तक सात मैच खेल चुकी है, जिनमें से तीन जीतने और चार मैच हारने के बाद पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। गुरुवार को वानखेड़े में एमआई के खिलाफ उसने 103 रनों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की है। पांच बार की चैंपियन टीम का अगला मुक़ाबला 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से होगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *