बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। वे 27 अप्रेल को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश में बूथ कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश की टॉप लीडरशिप से संवाद करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्ता व संगठन के कामकाज का जायजा भी लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पहली बार नितिन नबीन राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं। पहले वे टोंक जाएंगे, यहां से बीजेपी के नव निर्मित 7 जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद जयपुर पहुंचकर प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष विमान से सुबह 10:55 पर दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेगे। यहां से हैलीकोप्टर से टोंक के लिए रवाना होंगे। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी उनके साथ रहेंगे। टोंक में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन टोंक से बीजेपी के नव निर्मित 7 जिला कार्यालयों का उद्घाटन और जालौर कार्यालय का शिलान्यास करेंगे। इसमें टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़, बाड़मेर, चुरू, डूंगरपुर और पाली जिले शामिल हैं। टोंक में जिला कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर वे बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। बूथ बीजेपी की सबसे छोटी ईकाई है, ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपने पहले दौरे का पहला भाषण बूथ कार्यकर्ताओं के नाम रहेगा। इस दौरान सभी नव निर्मित जिला कार्यालयों पर उनका भाषण लाइव दिखाया जाएगा। जयपुर में टॉप लीडरशिप से चर्चा
टोंक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जयपुर पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पहले पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। उसके बाद कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश की टॉप लीडरशिप से प्रदेश के राजनीतिक हालत, सत्ता व संगठन के कामकाज और बीजेपी के प्रशिक्षण अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे। महिला बैंड से स्वागत, बाइक रैली से एस्कॉर्ट
जयपुर दौरे के दौरान पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारी की हैं। जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश बीजेपी कार्यालय के 12 किलोमीटर के सफर के दौरान जगह-जगह राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए 11 स्वागत मंच बनाने का फैसला हुआ हैं। जयपुर एयरपोर्ट के बाहर पहला स्वागत मंच होगा, यहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का संक्षिप्त संबोधन भी होगा। यहां पर सांगानेर, चाकसू और बगरू विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया जाएगा। वहीं महिला मोर्चा की टीम राजमहल चौराह पर महिला बैंड से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करेगी। वहीं युवा मोर्चा की टीम बाइक रैली से राष्ट्रीय अध्यक्ष को एस्कॉर्ट करेगी। स्वागत मंच जिम्मेदारी
एयरपोर्ट- सांगानेर, चाकसू और बगरू विधानसभा
जवाहर सर्किल- फुलेरा, दूदू और बस्सी विधानसभा
डब्ल्यूटीपी- आदर्श नगर और मालवीयनगर विधानसभा
शिक्षा संकुल- जमवारामगढ़ और आमेर विधानसभा
गांधी सर्किल- विद्याधरनगर विधानसभा
जेडीए सर्किल- झोटवाड़ा के कार्यकर्ता
रामबाग चौराहा- किशनपोल और हवामहल विधानसभा
अम्बेडकर सर्किल- सिविल लाइंस विधानसभा
बाइस गोदाम- ओबीसी,एसटी और अल्पसंख्यक मोर्चा
राजमहल चौराहा- महिला मोर्चा
बीजेपी कार्यालय- एससी और किसान मोर्चा
(युवा मोर्चा की टीम जयपुर एयरपोर्ट से बाइक रैली निकालते हुए साथ-साथ चलेगी।)


