Most T20 Centuries By Indian Cricketers: आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में संजू सैमसन ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर सीजन का दूसरा शतक पूरा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। इसके अलावा, वह आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।
फिर नहीं चला ऋतुराज गायकवाड़ का बल्ला
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत इस मुकाबले में भी खास नहीं रही और तीसरे ओवर में ही कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 22 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सरफराज खान 14 रन और शिवम दुबे 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
एक छोर पर संजू सैमसन का बल्ला चलता रहा और उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया। अर्धशतक पूरा करने के बाद भी सैमसन ने रन बनाना जारी रखा। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस, कार्तिक शर्मा और जेमी ओवरटन के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया।
आखिरी गेंद पर चौका लगाकर संजू सैमसन ने अपना शतक पूरा किया। सैमसन ने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। जिसकी बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 207 रन बनाए।
गजनफर ने की शानदार गेंदबाजी
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि अल्लाह गजनफर ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए। अश्निनी कुमार ने भी 2 विकेट झटके। वहीं मिचेल सैंटनर और कृष्ण भगत की जमकर पिटाई हुई। हार्दिक पंड्या ने 2 ओवर में 38 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
रिकॉर्ड की बात करें तो संजू सैमसन अब आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। टी20 फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में विराट कोहली और अभिषेक शर्मा के नाम 9 शतक हैं। वहीं रोहित शर्मा और संजू सैमसन के नाम 8-8 शतक दर्ज हो गए हैं। आईपीएल में विराट कोहली के नाम 8 शतक हैं, जबकि जोस बटलर के नाम 7 शतक हैं। क्रिस गेल के नाम 6, केएल राहुल और संजू सैमसन के नाम 5-5 शतक हैं।




