हीटवेव का असर: बिहार में स्कूलों की टाइमिंग बदली, 11:30 बजे के बाद कक्षाएं बंद

हीटवेव का असर: बिहार में स्कूलों की टाइमिंग बदली, 11:30 बजे के बाद कक्षाएं बंद

बिहार में इस बार अप्रैल में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। इसे देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। 

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बिहार में पिछले कई दिनों से तेज गर्मी पड़ रही है और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है।

इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। गुरुवार को कैमूर जिले में भी सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह 11:30 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई। जिले के स्कूलों, प्री-स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की छुट्टी सुबह 11:30 बजे ही कर दी जाएगी। यह आदेश कोचिंग संस्थानों पर भी लागू होगा।

कैमूर में 42.7°C तापमान

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कैमूर जिले में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। विभाग ने कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास समेत दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। साथ ही, अनुमान है कि कैमूर में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *