सांड को बचाने के प्रयास में बाइक-रिक्शा की टक्कर, दो की मौत

सांड को बचाने के प्रयास में बाइक-रिक्शा की टक्कर, दो की मौत

सुरेंद्रनगर जिले के मूली-थान रोड पर खाखराला बस स्टैंड के पास हादसा

राजकोट. सुरेंद्रनगर जिले के मूळी-थान रोड पर खाखराला बस स्टैंड के पास सांड को बचाने के प्रयास में बाइक-रिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में रूपावटी गांव के कालु लाबरिया (55) और भावुबेन लाबरिया (25) शामिल हैं।
राजकोट के बंधिया गांव निवासी मगन परमार बाइक से वगडिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान खाखराला बस स्टैंड के पास सड़क पर अचानक एक सांड आ गया। सांड को बचाने के प्रयास में मगन ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और उनकी बाइक सामने से आ रहे रिक्शा से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और रिक्शा दोनों सड़क से नीचे गिर गए। इस हादसे में रिक्शा में सवार कालु और भावुबेन को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तुरंत थान अस्पताल ले जाया गया, वहां से सुरेंद्रनगर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे के कारण मूली-थान रोड पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

गांधीधाम में मंदिर से टकराई ट्रक, चालक ने गंवाई जान

गांधीधाम. कच्छ जिले के गांधीधाम शहर में बुधवार देर रात को बस स्टेशन के पास हनुमान मंदिर से ट्रक टकराने से चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भचाऊ की ओर से आ रहा ट्रक जोन की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर से ट्रक टकराने से चालक केबिन में फंस गया और उसकी मौत हो गई। गुरुवार दोपहर तक गांधीधाम ए डिवीजन और बी डिवीजन थाने केे क्षेत्राधिकार में घटना होने के विवाद के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई।

भुज में विदेशी नागरिक की मौत

गांधीधाम. कच्छ जिले के भुज शहर में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 55 साल का प्रौढ़ भूज में एयरपोर्ट रोड की एक होटल में रुका था। तबीयत बिगड़ने पर उसे भुज के जीके जनरल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *