गढ़वा में पिकअप ने बुलेट को मारी टक्कर; 2 मरे:शादी से लौट रहे थे दोनों युवक, मरने वालों में एक की 19 मई को थी शादी

गढ़वा में पिकअप ने बुलेट को मारी टक्कर; 2 मरे:शादी से लौट रहे थे दोनों युवक, मरने वालों में एक की 19 मई को थी शादी

गढ़वा जिले के मुद्दीसेमर मेन रोड पर खजुरी पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। दोनों युवक बुलेट मोटरसाइकिल सवार हो कर आ रहे थे। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा मृतकों की पहचान मेराल थाना क्षेत्र के हरादाग गांव निवासी शुकुल राम के पुत्र विशाल कुमार (18 वर्ष) और छावनवा टोला निवासी उदय कांत राम के पुत्र मनीष कुमार (25 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने मेराल आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए गढ़वा स्टेशन गए थे। वहां से लौटते समय खजुरी पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार मवेशी लदी पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्मॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग की है। परिवारों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मनीष कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी आगामी 19 मई को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। वहीं विशाल कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जिसकी असमय मौत से परिजन पूरी तरह टूट गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *