हरदोई में पीएम का कार्यक्रम, डीएम ने संभाली कमान:निरीक्षण कर देखी व्यवस्था, अभेद्य सुरक्षा और जीरो-ट्रैफिक जाम के दिए निर्देश

हरदोई में पीएम का कार्यक्रम, डीएम ने संभाली कमान:निरीक्षण कर देखी व्यवस्था, अभेद्य सुरक्षा और जीरो-ट्रैफिक जाम के दिए निर्देश

हरदोई में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ तहसील बिलग्राम के मल्लावां क्षेत्र स्थित राघौपुर में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनसभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और मंच निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। वैकल्पिक मार्गों की तैयारी और पार्किंग स्थलों के निर्धारण के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान पेयजल, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा, बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्गों को सुव्यवस्थित रखने और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने पर्यावरणीय दृष्टिकोण से कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करने पर जोर दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है, और सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *