सतना जिले की नागौद थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर 7 लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 47 हजार रुपये नकद और विभिन्न बैंकों के 57 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से तीन पन्ना जिले के निवासी हैं। इन पर पन्ना, मैहर और छतरपुर में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इन सभी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। नागौद पुलिस टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि पहली वारदात 23 मार्च को हुई थी। सितपुरा निवासी राकेश कुमार गर्ग अपने घर के पास एक निजी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने 10 हजार रुपये निकाले, लेकिन दूसरी बार पैसे नहीं निकले। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। राकेश को तुरंत कार्ड बदलने का पता नहीं चला। काफी समय बाद जब उनकी बेटी ने बैंक के एसएमएस और कार्ड की जांच की, तो पता चला कि खाते से 7 लाख रुपये निकल चुके हैं और कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति के नाम का है। पीड़ित ने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी तरह की दूसरी घटना 12 अप्रैल को नागौद निवासी बादल खान के साथ हुई। वह अपनी पत्नी शाहिदा खातून का एटीएम कार्ड लेकर एटीएम बूथ पर गए, जहां पहले से दो युवक मौजूद थे। बादल ने पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। मौजूद युवकों ने बातों में उलझाकर उनका 4 अंकों का गुप्त कोड देख लिया और कार्ड भी बदल लिया। घर लौटने पर उनके बेटे ने कार्ड देखा तो वह किसी आर. बुंदेला के नाम पर निकला। फोन पर आए एसएमएस से पता चला कि खाते से 40 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। इसके बाद पीड़ित ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई।


