राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी आगामी 25 अप्रैल को मेरठ में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। रालोद जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज के गांव ईकड़ी में ही जयंत चौधरी की एक बड़ी सभा होने जा रही है।
इस सभा में जयंत लोगों को संबोधित करेंगे। जनसभा के लिए रालोद नेताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। रालोद कार्यकर्ता तेजी से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं ताकि जयंत की रैली में अधिकाधिक भीड़ जुटाकर अपनी ताकत दिखा सकें। बता दें कि इससे पहले हाल में ही केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुजफ्फरनगर में सीएम योगी के साथ मंच पर नजर आए थे। दोनों वहां रोजगार मेले में पहुंचे थे। मेरठ के बाद जयंत बागपत में जनसभा करेंगे।
अधिकतम भीड़ जुटाने का प्रयास रालोद नेताओं ने जनसंपर्क अभियान तेजी से शुरू कर दिया है। नेताओं ने बफावत, चिंदौड़ी, देदवा, भराला, सकौती, जैनपुर और पबरसा समेत कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचने की अपील की। सकौती गांव में आयोजित सभा में वरिष्ठ नेता सुनील रोहटा ने कहा कि रैली को ऐतिहासिक बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ें और बड़ी संख्या में ईकड़ी पहुंचने के लिए प्रेरित करें। हर घर तक पहुंच रहे रालोद नेता जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने कहा कि यह रैली आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद साबित होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह अपने पैतृक गांव ईकड़ी में आ रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने सभी से जुटकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। राजनीतिक भविष्य तय करेगी ये रैली
क्षेत्रीय महासचिव गौरव जिटोली ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद मेरठ जनपद में राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह पहली रैली है, जो भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करेगी। इस दौरान कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर, राहुल पूनिया, अरविंद भराला, भूरा चिंदौड़ी, योगेंद्र तालियान, मयंक त्यागी, मोहित सिंधु, सुनील प्रधान, संजीव पंवार, उपेंद्र बफावत आदि मौजूद रहे।


