उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में पिपली-अ स्थित नेशनल हाईवे-48 पर बीती रात एक ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। आग धमाके के साथ लगी थी। दरअसल, सोप स्टोन पाउडर से भरा ट्रक उदयपुर से अहमदाबाद की तरफ जा रहा था। तभी पीपली-अ गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने ये हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी पेट्रोल पंप कर्मचारी मोड सिंह ने बताया कि ट्रक आकर जैसे ही पंप के सामने रुका तो तेज आग की लपटें दिखाई दी। ड्राइवर ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया। पूरा ट्रक आग के आगोश में आ गया। जैसे तैसे आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिला। आखिरकार ट्रक पूरी तरह जल गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर ऋषभदेव थाना पुलिस के एएसआई अनिल मीणा, कांस्टेबल अनुज, राजेश पाटीदार पहुंचे और ट्रेफिक बंद कराया। पुलिस ने दमखल बुलाकर आग पर काबू पाया। जिसके बाद ट्रेफिक बहाल किया गया। जांच में सामने आया कि ट्रक के डीजल की टंकी फटने की वजह से अचानक आग लगी थी लेकिन टंकी क्यों फटी। ये पता नहीं लग पाया। इनपुट: शैलेन्द्र जैन, ऋषभदेव


