अंतरिक्ष से ली गई पृथ्वी की एक तस्वीर ने दुनिया का ध्यान भारत के दो राज्य बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर खींचा है। NASA का ‘वर्ल्ड नाइट लाइट मैप’ इन दोनों राज्यों को पृथ्वी के सबसे रोशन इलाकों में दिखाया गया है। इस बात पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की और इसे सुशासन का एक सुनहरा प्रमाण बताया।
नीतीश जी की आभारी रहेंगी आने वाली पीढ़ियां – संजय झा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर NASA Earth की एक पोस्ट शेयर करते हुए संजय झा ने लिखा, ‘जब आप भारत के नक्शे को जूम इन करेंगे, तो आप देख पाएंगे कि बिहार किसी भी अन्य जगह की तुलना में अधिक चमकीला है और स्पष्ट रूप से जगमगा रहा है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन के दो दशकों ने बिहार के लिए ठीक यही हासिल किया है।’ संजय झा ने आगे लिखा कि यह एक बहुत बड़ी छलांग है और इस उपलब्धि के लिए आने वाली पीढ़ियां हमेशा नीतीश कुमार जी की आभारी रहेंगी।
जदयू ने भी दी प्रतिक्रिया
NASA के इस मैप को लेकत जदयू के आधिकारिक अकाउंट से भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया गया है। इस पोस्ट में लिखा, ‘जो लोग बार-बार पूछते हैं कि नीतीश जी ने बिहार के लिए आखिर क्या किया है, NASA की यह तस्वीर उनके मुंह पर एक कड़ा तमाचा है। पिछले दो दशकों में नीतीश जी के नेतृत्व में बिजली के क्षेत्र में जो अभूतपूर्व काम हुआ, उसका ही परिणाम है कि रात के समय पूरे देश में सबसे ज्यादा जगमगाता राज्य बिहार बन गया है। आज बिहार के हर गांव-कस्बे में 22 घंटे बिजली पहुंच रही है। 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी सबको दी जा रही है। यह बिहार के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है जो साबित करती है कि सच्चा विकास कैसा होता है।’
11.6 लाख तस्वीरों का विश्लेषण
NASA ने नौ वर्षों (2014 से 2022 तक) की अवधि में हर रात ली गई 11.6 लाख सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण के बाद यह डेटा जारी किया। वैज्ञानिकों ने एक ऐसे एल्गोरिदम का उपयोग किया, जिसमें सुनहरे रंग में हाइलाइट किए गए क्षेत्र रात के समय की तेज रोशनी को दर्शाते हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों के बड़े हिस्से इसी रंग में चमकते हुए दिखाई देते हैं। शोध के अनुसार, शहरी विकास और ग्रामीण विद्युतीकरण के कारण उत्तरी भारत में रात के समय की रोशनी का स्तर दुनिया के कई विकसित देशों की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से बढ़ी है।
यूरोप और अमेरिका से भी आगे निकला बिहार-यूपी!
NASA की यह रिसर्च रिपोर्ट इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि इसमें विकसित माने जाने वाले क्षेत्रों जैसे यूरोप का ज्यादातर हिस्सा बैंगनी रंग का है, जो वहां रोशनी कम होने का संकेत देता है। वहीं, अमेरिका के पूर्वी हिस्से भी धुंधले पड़े हैं। इसके विपरीत भारत, चीन और मध्य पूर्व के देश सुनहरे रंग में चमक रहे हैं।



map, you will delightfully find Bihar glowing much sharper, and louder than anywhere else.