मैहर सिविल अस्पताल में रविवार को एक युवक ने अस्पताल परिसर के भीतर साइकिल चलाकर सबको चौंका दिया। युवक बेखौफ होकर वार्डों के बीच से लेबर रूम तक पहुंच गया, जिससे मरीज और मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। जानकारी के मुताबिक, सोनवारी झंडहा निवासी सुधीर सिंह पटेल नामक युवक अचानक अपनी साइकिल लेकर अस्पताल के भीतर घुस गया। वह स्ट्रेचर और मरीजों के बीच से गुजरते हुए साइकिल चला रहा था। पुलिस की हिरासत में युवक शोर-शराबा बढ़ने पर मौके पर तैनात गार्ड दिव्या त्रिपाठी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को बीच रास्ते में रोक लिया। जब उससे इस हरकत का कारण पूछा गया, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत की सूचना तुरंत प्रभारी डॉक्टर आरएन पांडेय को दी गई। मामला बढ़ता देख युवक ने माफी मांगना शुरू कर दिया। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। उसकी साइकिल भी जब्त कर ली गई और उसे थाने ले जाया गया।


