कहते है, विषम परिस्थितियों से जूझते हुए अपने सपनों को साकार करने का जज़्बा अगर मजबूत हो तो सफलता की राह खुद बन जाती है। इसी कहावत को चरितार्थ किया है नर्मदापुरम जिले की कक्षा 12वीं की होम साइंस विषय की छात्रा रितिका कुरुचि ने। जिन्होंने कठिन हालातों के बावजूद माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में होम साइंस विषय में 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में पहला स्थान प्राप्त किया। पथरौटा स्थित शासकीय विद्यालय की छात्रा रितिका ने विषय परिस्थिति होने के बावजूद, हार नहीं मानी। संघर्ष के बीच पढ़ाई को नियमित रखा। बचपन में ही रितिका के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। जिस वजह से बचपन से ही जीवन में संघर्ष शुरू हुआ। अपने दादा-दादी एवं चाचा-चाची के साथ रहकर वो पढ़ाई कर रही हैं। घर के कामकाज, पारिवारिक जिम्मेदारियों में सहयोग करते हुए रितिका ने अपनी पढ़ाई को भी पूरी लगन और मेहनत के साथ जारी रखा। जिसके परिणाम वो जिले की टॉपर बनी। विधायक, कलेक्टर ने किया सम्मानित रितिका की इस सफलता पर उन्हें जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीता सरन शर्मा तथा कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सम्मानित किया। यह सम्मान उनके संघर्ष, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है। अपनी सफलता का श्रेय रितिका ने अपने परिजनों, शिक्षकों और मित्रों को दिया। रितिका की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है। सैलून संचालक और मैकेनिक की बेटी ने भी किया टॉप एमपी बोर्ड की कक्षा 10, 12वीं की परीक्षा में रितिका के जैसे ही सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले ग्रामीण विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। जिनके माता पिता मिस्त्री, बाइक मैकेनिक और सैलून की दुकान चलाते है। आर्ट्स संकाय की टॉपर आंशिक सराठे तारारोड़ा गांव में रहती है। उसके पिता सैलून का काम करते है। छात्रा अंशिता ने जिले में आर्ट्स की टॉपर है, उसे इसकी जानकारी रिजल्ट आने के 20घंटे बाद पता चला। जब न्यूज पेपर आया और टीचर्स के उसे कॉल आएं। अंशिता ने बताया मैंने रिजल्ट में देख लिया था कि मेरे 93.2 प्रतिशत अंक बने। काफी खुशी हुई। जिले में टॉप की जानकारी अगले दिन पता चली। आर्ट्स संकाय में दूसरे नंबर पर रहने वाली छात्रा शेख जोया उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा है। जिसके पिता बाइक मैकेनिक है। गणित विषय में अवनी गोहिया प्रथम, रशिका राय तृतीय, विज्ञान संकाय में आदित्य लोवंशी, नमामि बसेड़िया रही। कृषि संकाय में कनक चौरे ने टॉप किया। कॉमर्स में निखिल सोनी प्रथम, शिफा शाह द्वितीय रही।


