Kajal Meena : रिश्वत लेते पकड़ी गई एसडीओ काजल मीणा पर नया अपडेट, राजस्थान सरकार ने लिया सख्त फैसला

Kajal Meena : रिश्वत लेते पकड़ी गई एसडीओ काजल मीणा पर नया अपडेट, राजस्थान सरकार ने लिया सख्त फैसला

Kajal Meena : राजस्थान सरकार ने रिश्वत के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गिरफ्त में आई करौली जिले के नादौती उपखंड अधिकारी (एसडीओ) काजल मीणा को निलंबित कर दिया है। कार्मिक विभाग ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, एसीबी ने 16 अप्रेल को उन्हें गिरफ्तार किया था और निलंबन भी उसी दिन से प्रभावी माना गया है। निलंबन अवधि के दौरान काजल मीणा का मुख्यालय सचिव, कार्मिक विभाग, जयपुर रहेगा।

जमीन के तकसीमा से जुड़े मामले में रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ी गई नादौती की एसडीओ काजल मीणा, उनके रीडर दिनेश सैनी और वरिष्ठ लिपिक प्रवीण धाकड़ को एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुक्रवार को भरतपुर की विशेष अदालत में पेश किया था। अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी ने बताया कि मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित कर लिए गए हैं और जांच प्रक्रिया लगातार जारी है।

अधिकारियों का कहना है कि रिश्वत मांगने और उसे लेने के पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद ही कार्रवाई की गई। पूरे मामले की जानकारी कार्मिक विभाग को भी भेजी जा चुकी है। जानकारी के बाद कार्मिक विभाग ने इस प्रकरण पर तुरंत एक्शन लेते हुए नादौती उपखंड अधिकारी (एसडीओ) काजल मीणा को निलंबित कर दिया है।

रिश्वत की कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल

उल्लेखनीय है कि एसीबी ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए काजल मीणा को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनके रीडर और यूडीसी को भी हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 4 लाख रुपए की संदिग्ध नकदी बरामद हुई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

काजल मीणा वर्ष 2024 बैच की राजस्थान प्रशासनिक सेवा की अधिकारी

काजल मीणा की यह दूसरी पोस्टिंग थी। उन्होंने 30 अक्टूबर 2025 को प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा से स्थानांतरण के बाद नादौती में पदभार ग्रहण किया था। सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर क्षेत्र के बडौली गांव की निवासी काजल मीणा का गृह क्षेत्र के पास पदस्थापन होने के कारण वे पहले से ही चर्चा में थीं।

क्षेत्र में रिश्तेदारी होने के चलते उनकी कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठते रहे। काजल मीणा वर्ष 2024 बैच की राजस्थान प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं और आईआईटी मंडी की पूर्व छात्रा रह चुकी हैं। फिलहाल एसीबी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *