मुरादाबाद में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:लुधियाना से बिहार लौट रहा था, मूंढापांडे के पास पटरी पर मिला शव

मुरादाबाद में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:लुधियाना से बिहार लौट रहा था, मूंढापांडे के पास पटरी पर मिला शव

मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में लक्ष्मीपुर कट्टई गांव के पास रेलवे लाइन पर ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पटना जिले के सादिकपुर बगिचा निवासी 18 वर्षीय सनी पुत्र ललित राय के रूप में हुई है। सनी अपने पांच अन्य साथियों के साथ लुधियाना की एक फैक्ट्री में टी-शर्ट सिलने का काम करता था। सभी शुक्रवार को लुधियाना से ट्रेन में सवार होकर अपने घर बिहार लौट रहे थे। शनिवार सुबह वे मुरादाबाद पहुंचे थे। साथियों संतोष कुमार और चंदन सिंह ने बताया कि मुरादाबाद पहुंचने पर सनी यह कहकर ट्रेन के दरवाजे पर गया था कि वह हवा लेकर वापस आ जाएगा। उसके अन्य साथी राजू, दीपक और धीरज सीट पर बैठ गए थे। जब ट्रेन मुरादाबाद से रामपुर पहुंची, तो साथियों ने दरवाजे पर जाकर देखा, लेकिन सनी वहां नहीं मिला। उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। दोबारा फोन करने पर रेलवे पटरी पर गश्त कर रहे एक रेलकर्मी ने फोन उठाया और बताया कि उनका साथी रेलवे लाइन के किनारे मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही सभी साथी मौके पर पहुंचे और सनी को मृत पाया। उन्होंने तत्काल उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर रेलवे पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा और कांस्टेबल मुकेश चंद्र मीना, साथ ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भेज दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *