रवि शास्त्री ने टॉस के दौरान कर दी बड़ी चूक, CSK ने SRH को बल्लेबाजी का दिया न्योता

रवि शास्त्री ने टॉस के दौरान कर दी बड़ी चूक, CSK ने SRH को बल्लेबाजी का दिया न्योता

SRH vs CSK: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। 

IPL 2026 SRH vs CSK Toss Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 27वां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस दौरान रवि शास्त्री से बड़ी चूक हो गई और वह दोनों कप्तानों से टॉस के बाद टीम में बदलाव के बारे में पूछना ही भूल गए। टॉस रिप्रेजेंटेटिव का काम दोनों कप्तानों से उनके फैसले और प्लेइंग 11 में बदलाओं के बारे में पूछना होता है, हालांकि रवि शास्त्री SRH vs CSK मैच के दौरान ये भूल गए।

सीएसके ने अपने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। खलील अहमद की जगह पर मुकेश चौधरी को टीम में शामिल किया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान ऋतुराज ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह पिच बहुत अच्छी लग रही है, इसमें ज्यादा बदलाव नहीं आएगा, इसलिए हम लक्ष्य का पीछा करना चाहेंगे। सबसे नीचे से ऊपर आना अच्छा लग रहा है। दूसरे मैच से ही हमने बुनियादी चीजें सही तरीके से करना शुरू कर दिया था। सबसे जरूरी बात है लगातार अच्छा प्रदर्शन करना। पिछले मैच में मुझे लगा कि नूर ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की और उन्हें फिर से लय में देखकर अच्छा लगा। इसके साथ ही अंशुल भी मैच के आखिर में बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।”

दिलशान मदुशंका प्लेइंग 11 में शामिल

एसआरएच ने भी अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। हर्ष दुबे की जगह पर श्रीलंका के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल किया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान ईशान किशन ने कहा, “मुझे लगता है कि हम टॉस जीतने पर पहले बल्लेबाजी करते। विकेट अच्छा लग रहा है और हम एक अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहते हैं। आपको टीम के लिए बैटिंग करनी होती है, न कि अपने निजी प्रदर्शन के लिए। हमें बस हर मैच पर ध्यान देना है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम अभी कहां हैं, क्योंकि यह एक लंबा टूर्नामेंट है। मुझे लगता है कि शुरुआत में गेंद थोड़ी स्विंग होगी, इसलिए बल्लेबाजों को गेंद पर नजर रखते हुए अच्छा खेलना होगा। हर्ष दुबे की जगह दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल किया गया है।”

आईपीएल 2026 की शुरुआत लगातार तीन हार से करने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पिछले दो मुकाबले शानदार रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स को हराने के बाद सीएसके ने पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 32 रनों से शिकस्त दी थी। संजू सैमसन बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतकीय पारी खेलने के बाद संजू ने केकेआर के खिलाफ भी 48 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, आयुष म्हात्रे भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज ने पिछले दो मुकाबलों में 5 विकेट निकाले हैं, जबकि नूर अहमद की फिरकी का जादू भी केकेआर के खिलाफ खूब चला।

दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन अब तक खेले 5 मुकाबलों में से 2 जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एसआरएच ने पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के विजय रथ पर ब्रेक लगाते हुए 57 रनों से जीत दर्ज की थी। प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट चटकाए थे। वहीं, ईशान मलिंगा भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे। बल्लेबाजी में ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 गेंदों में 91 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि हेनरिक क्लासेन ने 40 रनों का योगदान दिया था।

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा।

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग 11

संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *