महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने शुक्रवार को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में विधिवत पूजन-अर्चन किया और मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। मंत्री भूरिया गुरुवार को उज्जैन में कालिदास अकादमी में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने आई थीं। वे शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। दर्शन के दौरान मंत्री नंदी हॉल में बैठीं, जहां मंदिर के पुजारियों ने पूजन-अर्चन संपन्न कराया। उन्होंने लगभग आधे घंटे तक मंदिर में समय बिताया। दर्शन के उपरांत, महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। उनके साथ भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रमिला यादव भी उपस्थित थीं। सफाई-सुंदरता की प्रशंसा की मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री भूरिया ने कहा कि उन्हें बाबा महाकाल के “अद्भुत दर्शन” प्राप्त हुए। उन्होंने मंदिर की साफ-सफाई, सुंदरता और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यहां आकर ऐसा महसूस होता है मानो किसी दूसरी दुनिया में पहुंच गए हों। उन्होंने आगे कहा कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रतिदिन लाखों दर्शनार्थी आ रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या मंदिर की लोकप्रियता और उसकी व्यवस्थाओं की उच्च गुणवत्ता को दर्शाती है।


