मेरठ में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी के संबंध में एक प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई है। यह लोक अदालत 09 मई को आयोजित होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ की सचिव नम्रता सिंह-प्रथम ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बैठक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के 8 अप्रैल के पत्र के अनुपालन में हुई। बैठक का आयोजन जिला न्यायाधीश मेरठ अनुपम कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। नोडल अधिकारी मोहम्मद असलम सिद्दकी, अपर जिला न्यायाधीश, न्यायालय संख्या-02, मेरठ के साथ विभिन्न न्यायिक अधिकारियों ने इसमें भाग लिया। इनमें लघुवाद न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज (सी०डी०), सिविल जज (जू०डि०) मवाना, सरधना, हवाली व नगर सहित जनपद न्यायालय मेरठ के समस्त अपर सिविल जज और विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट शामिल थे। बैठक में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों, पारिवारिक वादों, एन०आई० एक्ट के वादों, दीवानी वादों और बैंक ऋण वसूली वादों जैसे मामलों पर चर्चा हुई। सभी उपस्थित अधिकारीगण को निर्देशित किया गया कि वे 9 मई, को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करें।


