Iran Reply to Trump Shah Rukh Khan Dialogue: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब बयानबाजी भी तीखी होती जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों पर ईरान ने इस बार बॉलीवुड अंदाज में जवाब दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
भारत में ईरान के मुंबई स्थित महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए ट्रंप के दावों और धमकियों पर पलटवार किया। इस पोस्ट में शाहरुख खान का मशहूर डायलॉग इस्तेमाल करते हुए कहा गया, “ये तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।” ईरान के इस जवाब को ट्रंप प्रशासन के हालिया बयानों पर सीधी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाया था।
ट्रंप के दावों पर ईरान का तीखा जवाब
ईरान के महावाणिज्य दूतावास ने अपने पोस्ट में कहा कि फारस की खाड़ी में उसकी तेज रफ्तार मिसाइल बोट्स पूरी तरह तैयार हैं। साथ ही, ट्रंप के उस दावे को हास्यास्पद बताया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान की नौसेना लगभग खत्म हो चुकी है। ईरान ने संकेत दिया कि स्थिति उतनी सरल नहीं है जितनी अमेरिका बता रहा है और जरूरत पड़ने पर वह जवाब देने के लिए तैयार है।
बातचीत पर भी उठाए सवाल
इस बीच भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने भी अमेरिका के इरादों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ईरान को शुरू से ही अमेरिका की बातचीत की मंशा पर संदेह रहा है। उनके मुताबिक, अमेरिका एक तरफ बातचीत की बात करता है, तो दूसरी तरफ सैन्य दबाव बनाकर अपनी शर्तें मनवाना चाहता है। इलाही ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका का रवैया विरोधाभासी है। एक ओर वह इसे खुला रखने की बात करता है, वहीं दूसरी ओर नाकेबंदी की तैयारी करता है।
बढ़ते तनाव के बीच दुनिया पर प्रभाव
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक चिंता भी बढ़ गई है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे अहम तेल रूट्स में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल गुजरता है। यदि यहां स्थिति और बिगड़ती है तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है।
ट्रंप का सख्त रुख बरकरार
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान समझौते के लिए बेचैन है लेकिन अगर वह अमेरिका की शर्तों पर सहमत नहीं होता है, तो कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे। ईरान के ताजा बयान से साफ है कि वह अमेरिका के दबाव में झुकने के मूड में नहीं है। वहीं, ट्रंप प्रशासन भी अपने सख्त रुख पर कायम है।



.