मैहर के घंटाघर इलाके में स्थित राजा सुपर मार्केट में मंगलवार शाम करीब 6 बजे अचानक आग लग गई। पंजाबी गुरुद्वारे के पास मौजूद इस दुकान में आग भड़कते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर दी। देखते ही देखते लपटों ने दुकान को पूरी तरह घेर लिया था। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग को बुझाया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल पाई, जिससे एक बड़ा खतरा टल गया। लाखों का सामान खाक, लोग सुरक्षित राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई। हालांकि, दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। आग लगने के दौरान आसपास के दुकानदारों और वहां मौजूद लोगों में काफी डर का माहौल बना रहा। जांच में जुटा प्रशासन फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आग लगने की असली वजह क्या थी और दुकानदार को कुल कितना नुकसान हुआ है।


