कोटा में हाई वोल्टेज व ट्रांसफार्मर में लगी आग से उपभोक्ता के घर में हुए नुकसान का मामला कोर्ट पहुंचा है। मामले को लेकर एडवोकेट सुजीत स्वामी ने स्थाई लोक अदालत में जनहित याचिका लगाई है। जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने निजी बिजली कंपनी KEDL के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर व जोनल मुख्य अधीक्षण अभियंता, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) को नोटिस जारी कर 22 अप्रैल तक जवाब तलब किया है। याचिका में कहा गया कि ‘राजस्थान विद्युत विनियामक आयोग के स्टैंडर्ड्स ऑफ़ परफॉरमेंस रेगुलेशंस 2021 के अंतर्गत विद्युत वितरण कंपनियों पर सुरक्षित एवं मानक वोल्टेज आपूर्ति सुनिश्चित करना वैधानिक दायित्व है जिसका इस मामले में गंभीर उल्लंघन हुआ है।’ याचिका में जले हुए विद्युत उपकरणों की क्षतिपूर्ति, मानसिक-शारीरिक संताप एवं वाद व्यय हेतु कुल 1,31,342 रूपए दिलाए जाने के साथ-साथ दोषी अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई एवं ट्रांसफार्मर स्थल पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता एडवोकेट सुजीत स्वामी ने बताया कि 27 मार्च की सुबह 9 बजे के लगभग महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर -1 निवासी वरिष्ठ नागरिक दयाल बाबू स्वामी के मकान के पास में स्थित ट्रांसफार्मर में आग लगने एवं फॉल्ट के कारण लाइन में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ा। उनके घर के कई विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण टी.वी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, मोबाइल -लैपटॉप चार्जर, सोलर बॉक्स पानी के पंप आदि सहित कुल 20 से अधिक उपकरण खराब हो गए। घटना के बाद विभाग को तुरंत शिकायत दी गई। लेकिन संबंधित विभाग द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गईं। शिकायत देने के बाद प्रतिनिधि के द्वारा सर्वे किया गया। लेकिन खानापूर्ति के बाद अब तक किसी भी प्रकार की क्षतिपूर्ति नहीं दी गईं। ना ही कोई आश्वासन दिया गया। उल्टा विभागीय कर्मचारियों द्वारा जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया गया जो कि उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन एवं सेवा में स्पष्ट कमी (डेफिशियेंसी इन सर्विस) है। फाल्ट इतना अधिक तेज था। जिससे घर के विद्युत् उपकरणों में विस्फोट के साथ क्षति हुई। जिससे परिवार सदमे में आ गया। ———————————– ये खबर भी पढ़े- कोटा में ट्रांसफार्मर में धमाका, आग लगी:घरों में दौड़ा हाई वोल्टेज करंट, बिजली के मीटर, टीवी, फ्रिज, सीसीसीवी कैमरे जल गए कोटा शहर के महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर-1 में ट्रांसफार्मर में धमाके के साथ आग लगने से हड़कंप मच गया। दहशत में लोग घरों से बाहर निकल आए। हाई वोल्टेज से लोगों के घरों में लगे बिजली के उपकरण जल गए। कॉलोनी की बिजली बंद हो गईं। स्थानीय लोगों ने मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। खबर पढ़े


