लखनऊ के हजरतगंज फायर स्टेशन पर मंगलवार को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में डीजी फायर सुजीत पांडेय ने शिरकत की और स्मृति स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आपात सेवा से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। समारोह में अग्निशमन कर्मियों के साहस, समर्पण और सेवा भावना को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति नई प्रतिबद्धता का भी है। कार्यक्रम में सुरक्षा जागरूकता और जनसेवा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। डीजी फायर सुजीत पांडेय ने बताया कि अग्निशमन विभाग इस दिवस को एक सप्ताह के रूप में मनाता है। इस दौरान पूरे साल किए गए कार्यों की समीक्षा की जाती है और कर्मियों को बेहतर सेवा के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी कर्मचारी लोगों की जान बचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार तत्पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में अग्निशमन विभाग को आधुनिक बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। नए उपकरण, अत्याधुनिक वाहन और उन्नत प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है, जो अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। डीजी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद विभाग का रिस्पांस टाइम महज एक मिनट का है, यानी टीम एक मिनट के भीतर मौके के लिए रवाना हो जाती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस समय को और कम करने और जनहानि को न्यूनतम करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेशभर में अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां कर्मियों को सुरक्षा, सतर्कता और सेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई।


