लुटेरा मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली:फिरोजाबाद में मोबाइल छिनैती की दो घटनाओं में था शामिल

लुटेरा मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली:फिरोजाबाद में मोबाइल छिनैती की दो घटनाओं में था शामिल

फिरोजाबाद में थाना रामगढ़ पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान मोबाइल छिनैती की घटनाओं में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि 10 और 11 अप्रैल को थाना उत्तर और रामगढ़ क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की दो वारदातें हुई थीं। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। इन घटनाओं का खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया था। शनिवार रात को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम चनोरा खत्ता के पास पहुंची। वहां एक संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पंकज पुत्र रामजीलाल निवासी नगला मिर्जा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने दोनों छिनैती की घटनाओं को कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *