बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। एसडीएम पिंकी मनहर के नेतृत्व में टीम ने अवैध रेत से भरी एक हाइवा को जब्त किया है। यह कार्रवाई थानखमरिया क्षेत्र में की गई। जानकारी के अनुसार हाइवा कुरुद क्षेत्र से सहसपुर मार्ग की ओर जा रही थी। जांच के दौरान वाहन चालक के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस मिला और न ही रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची। इसके बाद मौके पर ही वाहन को जब्त कर थाना खमरिया में सुपुर्द किया गया। प्रशासन को लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पिंकी मनहर ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। उनके साथ तहसीलदार सविता मंडोरिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू भी मौजूद रहे। अवैध रेत परिवहन न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे शासन को राजस्व हानि होती है। साथ ही विशेषज्ञों का मानना है कि अनियंत्रित रेत खनन से जल स्तर गिरता है और पर्यावरण संतुलन बिगड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा था, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस सख्त कदम के बाद लोगों में विश्वास बढ़ा है कि प्रशासन अब गंभीर है एसडीएम पिंकी मनहर की यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती और सक्रियता का उदाहरण है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि अब अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


