Istanbul Shooting: मिडिल ईस्ट की आग अब तुर्की तक पहुंच गई है। तुर्की के इस्तांबुल शहर में इजरायली दूतावास की इमारत के पास भीषण गोलीबारी हुई है। इस घटना में दो हमलावर सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दो पुलिस अधिकारी भी घायल हुए है। रॉयटर्स समाचार एजेंसी के वीडियो में गोलियों की आवाज गूंजते ही एक पुलिस अधिकारी को बंदूक निकालते और छिपते हुए दिखाया गया। एक व्यक्ति खून से लथपथ दिखाई दिया।
घनी आबादी में है दूतावास
अल जजीरा की सिनेम कोसेओग्लू के अनुसार, गोलीबारी में तीन लोग शामिल थे, लेकिन तुर्की पुलिस ने उन्हें ढेर कर दिया है। कोसेओग्लू ने कहा कि जिस क्षेत्र में वाणिज्य दूतावास की इमारत स्थित है, वह घनी आबादी वाला है। इसमें कई व्यवसाय हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय भी शामिल हैं। इमारत के आसपास हजारों लोग काम करते हैं। उन्होंने आगे बताया कि इजरायली वाणिज्य दूतावास इलाके की एक ऊंची इमारत की सातवीं मंजिल पर स्थित है।
कार में आए थे तीनों हमलावर
इस्तांबुल से रिपोर्ट करते हुए कोसेओग्लू ने कहा कि जिस प्रत्यक्षदर्शी से मैंने बात की, वह अपने सहकर्मी के साथ सिगरेट पी रहा था। तभी तीन लोग एक कार में आए, गोलीबारी करने की कोशिश की और फिर सुरक्षाकर्मियों ने उन पर जवाबी फायरिंग की।
राजनयिक मिशनों में अधिकांश स्थानीय लोग
कोसेओग्लू ने आगे कहा कि इस्तांबुल में वाणिज्य दूतावास भवन में कोई इजरायली राजनयिक कार्यरत नहीं है। तुर्की की राजधानी अंकारा में इजरायली दूतावास में भी कोई इजरायली राजनयिक नहीं है। उन राजनयिक मिशनों के भीतर कार्यरत कर्मचारी ज्यादातर स्थानीय लोग हैं जो वाणिज्य दूतावास या दूतावास के लिए काम कर रहे हैं। हमलावरों की पहचान या उनके मकसद के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुड़ी हुई है।


