महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धार्मिक गुरु बताने वाले ढोंगी बाबा अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब सरकारवाड़ा पुलिस ने उनके खिलाफ एक और गंभीर मामला दर्ज किया है, जिसमें उन पर सिन्नर के एक प्याज व्यापारी से 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप लगा है।
अशोक खरात की मुश्किलें बढ़ीं
यह मामला व्यापारी विशाल बर्के (Vishal Barke) की शिकायत पर शुक्रवार को दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस नए मामले के साथ ही अशोक खरात के खिलाफ दर्ज एफआईआर की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इनमें से 11 मामले नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में और एक मामला अहिल्यानगर के शिर्डी में दर्ज है।
रेप मामले में पुलिस हिरासत में है खरात
गौरतलब है कि अशोक खरात पहले से ही एक विवाहित महिला के साथ कथित दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के मामले में पुलिस हिरासत में हैं। इस पूरे प्रकरण की जांच राज्य सरकार की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है।
जमीन और व्यापार के नाम पर जालसाजी
पीड़ित व्यापारी विशाल बर्के ने अपनी शिकायत में विस्तार से बताया है कि किस तरह पाखंडी ने उसे अपने जाल में फंसाया। साल 2019 में अशोक खरात ने वृद्धाश्रम बनाने के बहाने बर्के से एक जमीन मात्र 22.25 लाख रुपये में खरीदा था, जबकि उस समय उसकी बाजार कीमत 60 लाख रुपये से अधिक थी। आरोप है कि खरात ने वहां कोई वृद्धाश्रम नहीं बनवाया और जमीन अपनी बेटी सृष्टि (Shrusthi Kharat) के नाम करा दी।
इसके अलावा, खरात ने बर्के से खेत के काम के लिए 30 मजदूर मंगवाए लेकिन उनकी मजदूरी नहीं दी, जिस वजह से बर्के को अपनी जेब 2.5 लाख रुपये भरना पड़ा।
85 लाख लेकर नहीं दी जमीन, तंत्र-मंत्र की दी धमकी
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि साल 2023 से 2025 के बीच उसने नासिक के पाथर्डी-गौलाने रोड पर एक प्लॉट के लिए अशोक खरात को किश्तों में 85 लाख रुपये दिए थे। बार-बार अनुरोध करने के बावजूद खरात ने जमीन उसके नाम पर ट्रांसफर नहीं की। जब व्यापारी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो ढोंगी बाबा ने उसे डराना शुरू कर दिया। बर्के का दावा है कि खरात ने उसे धमकी दी कि वह तंत्र-मंत्र और बुरी शक्तियों का प्रयोग कर उसका व्यापार बर्बाद कर देगा।
शिकायत में विशाल बर्के ने आरोप लगाया कि अशोक खरात ने इमली के बीज बेचकर ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया और 15,000 रुपये ठग लिए, जो पूरी तरह फर्जी साबित हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अशोक खरात से पूछताछ हो सकती है।


