नीमच सिटी में हनुमान प्रकटोत्सव का पर्व गुरुवार रात को अगाध श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में दो भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें अखाड़ों के करतब और भजनों की गूंज मुख्य आकर्षण रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। यात्रा के दौरान डीजे पर झूमें युवा पहली शोभायात्रा श्री विद्यापति बालाजी मंदिर, प्रताप चौक से शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान डीजे पर सुमधुर भजन और ढोल-ढमाकों की थाप गूंजती रही। युवाओं की टोलियां लेझम बजाते हुए ‘जय श्री राम’ के जयघोष लगा रही थीं। अखाड़े के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए अखाड़े के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए, जबकि हनुमानजी और अन्य देवी-देवताओं का स्वांग धरे कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में विराजित हनुमानजी की मनमोहक झांकी ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। यह यात्रा जूना बाजार और कोर्ट मोहल्ला सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः प्रताप चौक पर समाप्त हुई। इसी क्रम में यादव समाज नवयुवक मंडल की ओर से भी गुरुवार रात को एक भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह यादव मंडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ हुआ। इसमें डीजे, ढोल और ताशा पार्टी की गूंज के बीच समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। फूलों से सुसज्जित बालाजी की झांकियां आकर्षण का केंद्र चल समारोह में प्रभु श्रीराम, महादेवजी और फूलों से सुसज्जित बालाजी की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अखाड़े के युवाओं ने अपनी जांबाजी का प्रदर्शन किया और भक्तिमय माहौल में युवा देर रात तक थिरकते रहे। यह चल समारोह पीपली चौक, नया बाजार और प्रताप चौक होते हुए सिटी रोड स्थित सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचा। सांवरिया सेठ मंदिर में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। दोनों ही बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चप्पे-चप्पे पर तैनात जवानों की निगरानी में सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।


