कानपुर में लाही की कतराई करते समय एक युवक की मशीन में फंसकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सजेती थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव के रहने वाले दीपक (25) गांव के ही एक ट्रैक्टर और लाही कटर पर मजदूरी करने गया था। वह वमेहरअलीपुर और शेखपुर के बीच कुंवर लाल सोनकर के खेत में लाही की कतराई कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका बायां हाथ कटर मशीन में फंस गया। हाथ फंसते ही वह खुद को संभाल नहीं पाया और मशीन की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सजेती थाना प्रभारी अनुज कुमार भारती ने बताया कि मृतक मजदूरी कर रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर और कटर मशीन को कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


