Sanjay Gupta On Ramayana Teaser: निर्देशक नितेश तिवारी की मच अवेटेड फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का टीजर रिलीज होते ही जहां एक तरफ दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का एक छोटा-सा लेकिन रहस्यमयी ट्वीट सोशल मीडिया पर बड़ी बहस की वजह बन गया है। इस ट्वीट के बाद नेटिजन्स कयास लगाने लगे कि क्या यह टिप्पणी फिल्म के टीज़र को लेकर की गई है।
ट्वीट में लिखा ‘खोदा पहाड़ निकला चूहा’ (Sanjay Gupta On Ramayana Teaser)
रामायण के टीजर के सामने आते ही संजय गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘खोदा पहाड़ निकला चूहा’ लिखकर पोस्ट किया। हालांकि उन्होंने अपने मैसेज में किसी फिल्म या कलाकार का नाम नहीं लिया, लेकिन समय और संदर्भ को देखते हुए कई लोगों ने इसे सीधे तौर पर रामायण के टीजर से जोड़कर देखा।
यही वजह रही कि कुछ ही समय में ये ट्वीट वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर इसके अलग-अलग अर्थ निकाले जाने लगे।
सोशल मीडिया यूजर्स ने दी तीखी प्रतिक्रिया
जहां कुछ दर्शकों ने टीजर को भव्य और उम्मीदों से भरा बताया, वहीं कुछ लोगों को लगा कि उन्हें इससे ज्यादा देखने की उम्मीद थी। इसी बीच संजय गुप्ता के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कई यूजर्स ने उनकी आलोचना भी की।




कई यूजर्स का कहना था कि इतनी बड़ी फिल्म के सिर्फ कुछ मिनट के टीज़र के आधार पर राय बनाना जल्दबाज़ी है। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि बड़े पर्दे और IMAX के अनुभव के लिए बनी फिल्म का मूल्यांकन मोबाइल स्क्रीन पर देखकर नहीं किया जाना चाहिए।
फिल्ममेकर को निशाना बनाने लगे लोग (Sanjay Gupta On Ramayana Teaser)
कुछ प्रतिक्रियाओं में फिल्ममेकर के पुराने कामों का भी जिक्र किया गया और उनकी टिप्पणी पर सवाल उठाए गए। सोशल मीडिया पर यह बहस तेजी से ट्रेंड करने लगी और फिल्म के टीज़र को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
बड़ी स्टारकास्ट के कारण पहले से ही चर्चा में है फिल्म
‘रामायण: पार्ट 1’ लंबे समय से अपनी स्टारकास्ट और भव्य निर्माण के कारण चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश रावण के दमदार किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा फिल्म में सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
दिवाली 2026 में रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं के अनुसार फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। बड़े बजट और आधुनिक तकनीक के साथ तैयार की जा रही यह फिल्म पहले ही साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।


