श्रावस्ती में गैस रिसाव से लगी थी आग:मूकबधिर पिता समेत तीन बच्चे झुलसे, हालत गंभीर, बहराइच इलाज के बाद लखनऊ रेफर

श्रावस्ती में गैस रिसाव से लगी थी आग:मूकबधिर पिता समेत तीन बच्चे झुलसे, हालत गंभीर, बहराइच इलाज के बाद लखनऊ रेफर

श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के अमरहवा गांव में मंगलवार रात एक हादसा हुआ। गैस चूल्हा जलाते समय सिलेंडर के पाइप से गैस रिसाव के कारण आग लग गई। इस घटना में एक मूकबधिर पिता, उनकी बेटी और बेटा गंभीर रूप से झुलस गए थे। जानकारी के अनुसार, अमरहवा गांव निवासी शकील की बेटी गुलअफजा मंगलवार रात घर में खाना बना रही थी। जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाया, सिलेंडर के पाइप से गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आग लग गयी जो तेजी से पूरे कमरे में फैल गई। आग की लपटें देखकर गुलअफजा को बचाने के लिए उसके पिता शकील और भाई कल्लू भी कमरे में पहुंच गए थे। इस दौरान तीनों आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पास के पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। हालांकि, तब तक कमरे में रखा खाने-पीने का सारा घरेलू सामान भी जलकर राख हो चुका था, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ। घायल तीनों को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाया गया। वहां उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों का लखनऊ में इलाज जारी है। प्रारंभिक आशंका है कि गैस सिलेंडर का पाइप शायद पुराना या ढीला होने के कारण गैस रिसाव हुआ होगा, जिससे चूल्हा जलाते ही आग तेजी से फैल गई। विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर के पाइप, रेगुलेटर और चूल्हे की समय-समय पर जांच कराना और पुराने या खराब पाइप को तुरंत बदलवाना आवश्यक है ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *