कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां थाने से महज 20 कदम की दूरी पर स्थित एक बेकरी और चाय की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया और करीब 70 हजार रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना 31 मार्च की तड़के करीब 3:30 बजे की है, जब एक अज्ञात चोर दुकान के शटर के दोनों ताले तोड़कर अंदर घुसा। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक चोर करीब पौन घंटे तक दुकान के अंदर रहा और आराम से सामान समेटता रहा। इस दौरान शटर करीब एक फीट तक खुला रहा, लेकिन न तो पुलिस को भनक लगी और न ही आसपास से गुजरने वाले किसी व्यक्ति ने ध्यान दिया। चोरी की खास बात यह है कि जिस दुकान को निशाना बनाया गया, वहां अक्सर थाने का स्टाफ चाय पीने आता है और दुकान थाने से साफ दिखाई भी देती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल, इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार अमित चौधरी के अनुसार, चोर दुकान से महंगी सिगरेट, गुटखे के पैकेट, चिल्लर से भरे पांच बड़े बॉक्स और खाने-पीने का अन्य सामान चुरा ले गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया गया। आरोप है कि रिपोर्ट देने के बावजूद दो दिन तक उन्हें एफआईआर की कॉपी नहीं दी गई और न ही दस्तखत के लिए बुलाया गया। इससे पीड़ित व्यापारी में नाराजगी है। गुमानपुरा सीआई महेश कारवाल का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


