कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर सोमवार को 2 राउंड फायरिंग हुई। सूत्रों के मुताबिक हमलावर बाइक पर आए थे। अभी तक हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी में कपिल शर्मा का घर है। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। घर और आसपास के VIP घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। पुलिस ने DVR को कब्जे में लिया है। हालांकि मौके पर पहुंचे ACP कमलजीत सिंह औलख ने बताया कि ऐसी कोई वारदात नहीं हुई है। कपिल शर्मा फिलहाल परिवार के साथ मुंबई में हैं। इससे पहले उनके कनाडा में स्थित कैफे पर 3 बार फायरिंग हुई थी। अमृतसर पुलिस बोली- अफवाह पर ध्यान न दें
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि फायरिंग की घटना को लेकर कुछ गैर-जिम्मेदार लोग अफवाहें फैला रहे हैं। तथ्यों को स्पष्ट करने और गलत जानकारी का खंडन करने के लिए जल्द ही आधिकारिक वीडियो बयान जारी किया जाएगा। सभी से अपील है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सोर्स से जारी सही जानकारी पर ही भरोसा करें। कनाडा में स्थित ‘Kap’s Cafe’ पर भी हो चुकी है गोलीबारी
कपिल शर्मा का कैप्स कैफे कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में है। इस पर जुलाई, अगस्त और अक्टूबर 2025 में भी फायरिंग हुई थी। जुलाई में हुए हमले में हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की थी। तब हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। इसके बाद अगस्त में कैफे पर फायरिंग की गई। इसमें कैफे की खिड़कियों में छह गोलियों के निशान और टूटा हुआ शीशा दिखाई दिया था। तब लॉरेंस गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों का एक पोस्ट वायरल हुआ था, इसमें कपिल के कैफे पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई थी। तीसरी बार अक्टूबर में कैफे पर फायरिंग हुई। फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। कपिल ने कहा था- डरने वाला नहीं हूं
कैफे पर पहली बार फायरिंग के बाद कपिल शर्मा ने लिखा था, “हमें प्यार और समर्थन देने आए सभी अधिकारियों का शुक्रिया। हम एकजुट होकर हिंसा के खिलाफ खड़े हैं।” कपिल ने साफ किया कि वे और उनका परिवार डरने वाला नहीं है और शांति व सुरक्षा के पक्ष में मजबूती से खड़े रहेंगे। कपिल के बयान से नाराज होकर फायरिंग का दावा
जब जुलाई में कैफे पर गोलीबारी की गई थी तब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि एक बार कॉमेडी शो के दौरान कपिल ने निहंग सिखों के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिससे नाराज होकर गोलीबारी की गई थी। तब सोशल मीडिया पर हरजीत सिंह लाडी और तूफान सिंह नाम के एक अन्य व्यक्ति ने वीडियो के जरिए कपिल शर्मा को धमकी देते हुए कहा था कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो मामला और बिगड़ सकता है। हालांकि, कपिल शर्मा ने निहंग सिखों पर क्या टिप्पणी की थी, यह साफ नहीं है। अनुमान है कि यह नेटफ्लिक्स के किसी पुराने एपिसोड या किसी लाइव शो से जुड़ा हो सकता है। इस साल की शुरुआत में, निहंग नेता बाबा बलबीर सिंह ने भी कपिल शर्मा के कंटेंट पर आपत्ति जताई थी।
अमृतसर में कपिल शर्मा के घर पर फायरिंग:DVR जब्त करने के बाद पुलिस का इनकार; कॉमेडियन के कनाडा में कैफे पर भी फायरिंग हो चुकी


