अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 35 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखते हुए ससुराल पक्ष के लोग महिला के शव को अस्पताल में ही लावारिस छोड़कर फरार हो गए। मृतका के पीहर पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है।
17 साल पहले हुई शादी
जानकारी के अनुसार मृतका रीना का पीहर हरियाणा के करनाल जिले के इन्दरी में है। उसकी शादी करीब 17 साल पहले हाजीपुर निवासी दलवीर सिंह (ओड राजपूत) के साथ हुई थी। मृतका की मां सुमित्रा ने थाने में दी अपनी शिकायत में बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही रीना को प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति दलवीर, सास वंतो बाई, ससुर किशनचंद, नंदोई सुरेश चंद और जेठ-जेठानी मिलकर अक्सर रीना के साथ मारपीट करते थे। रीना ने कई बार फोन पर अपनी मां को बताया था कि ससुराल वाले उसे जान से मारने की धमकियां देते हैं।
कोल्ड ड्रिंक में जहर देने का आरोप
पीहर पक्ष की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार 30 मार्च 2026 की दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच ससुराल पक्ष के सभी लोगों ने मिलकर एक साजिश रची। आरोप है कि उन्होंने रीना को कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया और उसे तड़पने के लिए छोड़ दिया। जब जहर का असर होने लगा और रीना की हालत बिगड़ने लगी, तो आरोपी उसे लेकर अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचे।
परिजन जब अस्पताल पहुंचे, तब तक रीना होश में थी और उसने परिजनों को आपबीती सुनाई कि किस तरह उसे जहर दिया गया। जैसे ही पीहर पक्ष के लोग वहां जमा होने लगे, आरोपी ससुराल वाले पकड़े जाने के डर से अस्पताल से भाग निकले।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, तीन बच्चों के सिर से उठा साया
अस्पताल में भर्ती रीना ने करीब 24 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ी, लेकिन 31 मार्च की रात उसकी मौत हो गई। रीना की मौत की खबर मिलते ही उसका पति दलवीर भी मौके से फरार हो गया। इस दुखद घटना ने तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है। नौगांवा पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


