Jaipur: रसोई में डिब्बे में छिपाए 50 लाख पर नौकरों की नजर, पालतु कुत्ते को मारकर रची सनसनीखेज चोरी की साजिश

Jaipur: रसोई में डिब्बे में छिपाए 50 लाख पर नौकरों की नजर, पालतु कुत्ते को मारकर रची सनसनीखेज चोरी की साजिश

Jaipur Theft Case: जयपुर के सांगानेर रिंग रोड परियोजना इलाके में एक डॉक्टर के घर हुई 50 लाख रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए सांगानेर सदर थाना पुलिस ने घर के ही 2 नौकरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं। इस वारदात ने एक बार फिर भरोसे के रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि परिवादी डॉ. प्रभाकर सेठी के घर से बड़ी रकम चोरी होने की सूचना पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, घर में आने-जाने वालों की पड़ताल और सीसीटीवी सिस्टम की तकनीकी जांच की गई। डॉक्टर के घर पर 24 फरवरी को चोरी की वारदात हुई थी।

महिला नौकर को भी साथ मिला लिया

जांच में सामने आया कि घरेलू नौकर सुमित खेतान ने फरवरी में ही उस समय चोरी की साजिश रच ली थी, जब उसने डॉक्टर को रसोई में बड़ी नकदी छिपाते हुए देख लिया था। इसके बाद उसने सीसीटीवी फुटेज का प्लेबैक कर पूरी जानकारी जुटाई और चालाकी से रसोई के कैमरे को निष्क्रिय कर दिया। योजना को अंजाम देने के लिए उसने महिला नौकर सीमा सैनी को भी साथ मिला लिया।

दोनों आरोपियों ने मिलकर रसोई में छिपाई गई 50 लाख रुपए की नकदी चुरा ली और वारदात के बाद सामान्य दिनचर्या में रहकर किसी को शक नहीं होने दिया। घटना से पहले संदिग्ध गतिविधियों के तहत घर के कुत्ते की मौत भी जांच का अहम बिंदु बनी। परिवादी ने बताया कि घटना से पहले परिवादी ने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सर्विस करवाई थी। वारदात के बाद रसोई का कैमरा बंद मिला। घर पर दोनों नौकर ही थे।

अन्य वारदात के संबंध में कर रही पूछताछ

पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों आरोपी टूट गए और अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर 33 लाख रुपए बरामद किए गए हैं, जबकि शेष राशि के संबंध में पूछताछ जारी है। कार्रवाई में उप निरीक्षक राधेश्याम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस को आरोपियों से और कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *