Magnum का बड़ा दांव, 61.9% स्टेक के साथ Kwality Wall’s पर किया बड़ा Takeover

Magnum का बड़ा दांव, 61.9% स्टेक के साथ Kwality Wall’s पर किया बड़ा Takeover

मैग्नम आइस क्रीम नीदरलैंड्स ने क्वालिटी वॉल्स (इंडिया) लिमिटेड (केडब्ल्यूआईएल) में 61.9 प्रतिशत बहुलांश हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इसके बाद कंपनी में प्रवर्तक वर्गीकरण में बदलाव हुआ है।
केडब्ल्यूआईएल ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, ‘‘ 30 मार्च 2026 को नए प्रवर्तक ने शेयर खरीद समझौते (एसपीए) और अन्य लागू कानूनों के अनुसार पूर्व प्रवर्तकों से बिक्री के लिए निर्धारित शेयर का अधिग्रहण किया।’’

कंपनी ने कहा कि इस लेन-देन के बाद नए प्रवर्तक ने कंपनी पर नियंत्रण हासिल कर लिया है और सूचीबद्धता नियमों के अनुसार उन्हें कंपनी का ‘‘प्रवर्तक’’ वर्गीकृत किया गया है। वहीं पूर्व प्रवर्तकों को अब ‘‘प्रवर्तक’’ श्रेणी से हटाकर ‘‘सार्वजनिक’’ श्रेणी में पुनर्वर्गीकृत कर दिया गया है।
यह अधिग्रहण 25 जून 2025 को किए गए शेयर खरीद समझौते के तहत किया गया है जिसमें द मैग्नम आइस क्रीम कंपनी नीदरलैंड्स बीवी और यूनिलीवर पीएलसी सहित अन्य पक्ष शामिल रहे।

इसके तहत नए प्रवर्तक (मैग्नम) ने पूर्व प्रवर्तक यूनिलीवर से केडब्ल्यूआईएल के कुल 145.44 करोड़ शेयर खरीदने पर सहमति जताई थी जो कंपनी की कुल शेयर पूंजी का 61.9 प्रतिशत है।
केडब्ल्यूआईएल ने शीर्ष स्तर पर कुछ बदलावों की भी घोषणा की है। कंपनी ने अभिजीत भट्टाचार्य को अतिरिक्त निदेशक (गैर-कार्यकारी एवं गैर-स्वतंत्र) तथा निदेशक मंडल के चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी है। वहीं ऋतेश तिवारी ने कंपनी के अतिरिक्त निदेशक (गैर-कार्यकारी एवं गैर-स्वतंत्र) पद से इस्तीफा दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *