हाथरस के मोहल्ला कैलाश नगर में रविवार की देर रात एक होटल पर खाना खाने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद जल्द ही मारपीट और पथराव में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी हमला किया गया, जिसमें दो सिपाही और एक पीआरडी जवान घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 16 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित एक होटल की है। एक पक्ष से मोनी और अहद, जबकि दूसरे पक्ष से अनिल अपने दोस्तों के साथ खाना खाने पहुंचे थे। इनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। कहासुनी के बाद मोनी और अहद पक्ष ने अपने साथियों को बुला लिया और अनिल व उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जवाब में अनिल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। झगड़े की सूचना मिलने पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस और पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) की टीम मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया, तो उन पर भी पथराव किया गया। इस हमले में सिपाही श्रीकांत और ललित कुमार, साथ ही पीआरडी कर्मी राजकुमार घायल हो गए।पुलिसकर्मियों पर हमले के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अतिरिक्त बल के आने पर झगड़ रहे लोग फरार हो गए। पुलिस ने जानलेवा हमले और बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि बलवाइयों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा दर्ज रिपोर्ट में पहले पक्ष से मोहल्ला श्रीनगर के साहिल कालिया, इसरायल, सादाब उर्फ सद्दू, मुस्तकीम, समीर, आमिर, जुबैर व अरबाज, तथा कैलाश नगर के मोनी व अहद को नामजद किया गया है। दूसरे पक्ष से अनिल गौड़, नीरज शर्मा, विशाल व सनी नामजद हैं। इनके अलावा, 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।


