चूल्हे की आग में जिंदा जला ग्रामीण, खाना बनाते समय हुआ हादसा, अंदर का मंजर देख कांप उठा गांव

चूल्हे की आग में जिंदा जला ग्रामीण, खाना बनाते समय हुआ हादसा, अंदर का मंजर देख कांप उठा गांव

बरेली। मीरगंज क्षेत्र के गांव लभेड़ा दुर्गाप्रसाद में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रहे 45 वर्षीय हरपाल की आग में झुलसकर मौत हो गई। कुछ ही मिनटों में सब कुछ खत्म हो गया और घर से उठते धुएं ने अनहोनी की खबर दे दी। ग्रामीणों के मुताबिक हरपाल रोज की तरह अपने घर में मिट्टी के चूल्हे पर खाना बना रहा था। तभी अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका ही नहीं मिला और वह लपटों में घिर गया।

धुआं देख दौड़े लोग, अंदर का मंजर देख सन्न रह गए

कुछ देर बाद घर से उठता धुआं देखकर पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे। जब दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो हरपाल बुरी तरह झुलसा पड़ा था। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर लोगों की रूह कांप उठी। मृतक की बहन ने बताया कि हरपाल को दौरे पड़ते थे। आशंका जताई जा रही है कि खाना बनाते समय उसे अचानक दौरा पड़ा होगा, जिससे वह बेहोश हो गया और चूल्हे की आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

अकेलापन भी बना त्रासदी, घर में नहीं था कोई सहारा

हरपाल अविवाहित था और घर में अकेले रहता था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। हादसे के वक्त घर में कोई और नहीं था, जिससे समय रहते मदद नहीं मिल सकी और यह हादसा जानलेवा बन गया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि आग से झुलसने के कारण मौत हुई है। उधर, गांव में मातम पसरा है और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *