‘हमारे सैनिक पूरी तरह तैयार, आग लगा देंगे’, ईरान की अमेरिका को सीधी चेतावनी

‘हमारे सैनिक पूरी तरह तैयार, आग लगा देंगे’, ईरान की अमेरिका को सीधी चेतावनी

Iran and US-Israel Conflict: ईरान और अमेरिका-इजरायल जंग की वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में नाजुक हालात हैं। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच ईरान ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाया है। इसके साथ ही अमेरिका को सीधी चेतावनी दी है। ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने कहा कि युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से सार्वजनिक रूप से राजनयिक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद अमेरिका जमीनी हमले की साजिश रच रहा है।

जमीनी हमले की गुप्त साजिश रच रहा अमेरिका

ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दुश्मन सार्वजनिक रूप से बातचीत और संवाद का संदेश भेज रहा है, लेकिन गुप्त रूप से जमीनी हमले की योजना बना रहा है। ग़ालिबफ़ ने कहा कि हमारे जवान अमेरिकी सैनिकों के आने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उन्हें आग लगाकर उनके क्षेत्रीय सहयोगियों को हमेशा के लिए दंडित कर सकें। ईरान की तरफ से यह चुनौती भरा बयान युद्ध शुरू होने के 1 महीने के बाद आया है।

अमेरिका को मुंहतोड़ जवाब देगा ईरान

मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने चेतावनी दी कि ईरानी सैनिक अमेरिकी सैनिकों को आग लगाने’ के लिए तैयार हैं। ईरान ने साफ कहा है कि वह अमेरिकी सैनिकों की किसी भी जमीनी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देगा। ग़ालिबफ़ का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में तनाव चरम पर है और दोनों पक्षों के बीच राजनयिक प्रयास भी चल रहे हैं।

ईरान ने राजनयिक प्रयासों को धोखा बताया है। बता दें कि बीते माहीने 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमले किए थे। अमेरिका-इजरायल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले के बाद से मिडिल ईस्ट में बड़ा संघर्ष शुरू हो गया। संघर्ष शुरू होने के बाद से महत्वपूर्ण जल मार्ग होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों का परिवहन लगभग ठप हो गया। इसकी वजह से वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट के हालात बन गए।

ग़ालिबफ़ ने की एकता की अपील

ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने संकट के समय में देशव्यापी अपील की है। ग़ालिबफ़ ने ईरान के लोगों से आपील करते हुए कहा कि हमारा देश एक बड़े वैश्विक युद्ध में फंसा हुआ है, जो अपने सबसे नाजुक दौर में है। ऐसी परिस्थिति में हमें एकजुट रहना है। ग़ालिबफ़ ने आगे कहा- हमें पूरा विश्वास है कि हम संयुक्त राज्य अमेरिका को दंडित कर सकते हैं। अमेरिका को ईरान पर हमला करने के लिए पछतावा करा सकते हैं। हम अपने वैध अधिकारों को दृढ़ता से सुरक्षित कर सकते हैं। ग़ालिबफ़ ने भरोसा जताया कि उन्हें अपने देश के लोगों और सैन्य ताकत पर पूरा भरोसा है।

कौन हैं मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़?

मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ईरान के संसद अध्यक्ष हैं। राजनीति में आने से पहले वह इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) में वायु सेना के कमांडर रह चुके हैं। ग़ालिबफ़ ने कानून प्रवर्तन कमान के प्रमुख के पद भी सेवा दी है। वे 2005 में तेहरान के मेयर चुने गए थे। इसके बाद 2017 में राष्ट्रपति चुनाव में असफल होने के बाद ग़ालिबफ़ को 2020 में मजलिस (संसद) के लिए चुना गया और वह इसके अध्यक्ष बने। बताया जाता है कि ग़ालिबफ़ ईरान के दूसरे सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की पत्नी के रिश्तेदार हैं और उनके बेटे मोजतबा खामेनेई के करीबी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *