ऋतिक की गर्लफ्रेंड सबा आजाद अस्पताल में एडमिट:पेट के इंफेक्शन से बिगड़ी हालत, 14 दिन में 4 किलो वजन घटा

ऋतिक की गर्लफ्रेंड सबा आजाद अस्पताल में एडमिट:पेट के इंफेक्शन से बिगड़ी हालत, 14 दिन में 4 किलो वजन घटा

बॉलीवुड एक्ट्रेस सबा आजाद ने अस्पताल से अपनी तस्वीर शेयर कर बताया कि उन्हें इंफेक्शन हो गया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। सबा ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “मेरी जिंदगी के सबसे खराब 14 दिन। साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस, तुम सच में बहुत खतरनाक हो! मैं हमेशा घर का खाना खाती हूं, हर जगह अपनी पानी की बोतल लेकर चलती हूं, फिर भी ये पेट का इंफेक्शन अचानक हो गया। वो भी साल के सबसे व्यस्त समय में।” सबा ने आगे लिखा, “दो हफ्तों में मेरा 4 किलो वजन कम हो गया, जो पहले से ही ज्यादा नहीं था। हालत ऐसी है कि ठीक से चल भी नहीं पा रही हूं। एक दिन मैं दिन में दो बार ट्रेनिंग कर रही थी, पुल-अप्स और भारी वेट उठा रही थी और अगले ही दिन इतनी कमजोर हो गई कि एक टूथपिक तक उठाने की ताकत नहीं बची। इसलिए प्लीज, अपने पेट का ध्यान रखें। सलाद और सब्जियों को अच्छे से धोएं, जैसे आपकी जिंदगी उसी पर निर्भर हो, क्योंकि कभी-कभी सच में होती है!”
लास्ट में सबा ने बताया कि उनकी तस्वीर ऋतिक रोशन ने ली, जो मेरे खराब मूड में भी हंसी ढूंढ लेते हैं। साथ ही मजाकिया अंदाज में लिखा, “मैं जितनी दिख रही हूं, उतनी दुबली नहीं हुई हूं, बेड बड़ा है और एंगल वाइड है।” सबा 2021 से ऋतिक को डेट कर रही हैं ऋतिक और सबा 2021 से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों को डिनर डेट्स और करण जौहर की 50वीं बर्थडे पार्टी में साथ देखा गया, जिसके बाद उनके रिश्ते की चर्चा सोशल मीडिया पर हुई थी। इसके बाद दोनों ऋतिक की एक्स वाइफ सुजैन और उनके बॉयफ्रेंड अर्सलान गोनी के साथ भी नजर आए। अर्सलान और सुजैन भी 2022 से डेट कर रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक जल्द डायरेक्टर के तौर पर डेब्यू करने वाले हैं। वे ‘क्रिश 4’ को डायरेक्ट कर रहे हैं और साथ ही प्राइम वीडियो की ‘स्टॉर्म’ नाम की वेब सीरीज भी बना रहे हैं। वहीं सबा बॉबी देओल के साथ फिल्म ‘बंदर’ में नजर आएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *