बिजली निगम टोहाना में मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 तक के डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसके तहत 2000 रुपए से अधिक के बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसी कड़ी में, निगम ने टोहाना के हिसार-रतिया रोड बाईपास पर स्थित लैंडमार्क गार्डन सिटी (उदय डेवलपर) के अस्थायी कनेक्शन को भी काट दिया है। विभाग के अनुसार, इस कॉलोनी ने एक अस्थायी मीटर लगवाया था, जिस पर निगम का करीब 2 लाख रुपए से अधिक का बिल बकाया था। यह कार्रवाई पिछले वर्ष की गई थी, लेकिन अभी तक बिल जमा नहीं करवाया गया है। निगम की टीमों ने अब तक 70 से अधिक डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे हैं। इस अभियान के तहत अब तक करीब 1 करोड़ 73 लाख रुपए की वसूली की जा चुकी है। बिजली निगम के सीए देवीलाल ने बताया कि लैंडमार्क कॉलोनी द्वारा सोसाइटी के नाम से लिया गया अस्थायी कनेक्शन लंबे समय से बकाया बिल जमा न करने के कारण काट दिया गया था। बिल जमा न होने पर निगम ने नोटिस भी जारी किए थे, जिसके बाद पिछले वर्ष यह कनेक्शन काटा गया। उन्होंने यह भी बताया कि निगम की टीम द्वारा शहर से लगभग 35 फीसदी बिलों की वसूली की जा चुकी है। निगम की अलग-अलग टीमें कनेक्शन काटने और वसूली का अभियान चला रही हैं। सीए देवीलाल ने कहा कि आगामी शनिवार और रविवार को भी दफ्तर खुले रहेंगे ताकि उपभोक्ता अपने बिलों का भुगतान कर सकें। लैंडमार्क कॉलोनी के मैनेजर अनीश से बिजली कनेक्शन काटे जाने के संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने शादी समारोह में व्यस्त होने की बात कहकर फोन काट दिया।


