महाराष्ट्र के नासिक से सामने आए अशोक खरात रेप और ब्लैकमेलिंग मामले ने समाज को हिला कर रख दिया है। भविष्य बताने के बहाने महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोपों के बीच अब इस मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। पुलिस हिरासत में अशोक खरात की एचआईवी (HIV) जांच की गई थी, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट अब आ गई है।
अशोक खरात की HIV जांच रिपोर्ट
मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक खरात की मेडिकल जांच के तहत एचआईवी टेस्ट किया गया था। अब इसकी रिपोर्ट सामने आ चुकी है और यह निगेटिव पाई गई है। यह जानकारी उन सैकड़ों पीड़ितों के लिए भी राहतभरी है, जिन्हें हैवानियत का शिकार होने के बाद संक्रमण का डर सता रहा था।
नासिक की अदालत ने खरात को 29 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा है और मामले की जांच SIT (विशेष जांच टीम) द्वारा तेजी से की जा रही है।
100 से ज्यादा महिलाओं के शोषण का आरोप
जांच में अब तक यह खुलासा हुआ है कि आरोपी ने 100 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बनाया। इनमें युवतियां, विवाहित महिलाएं और यहां तक कि गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
नासिक पुलिस में दर्ज 8 मामलों में से 7 सीधे तौर पर महिलाओं से दुष्कर्म से जुड़े हैं। पुलिस का मानना है कि कई पीड़ित महिलाएं अब भी सामने आने से डर रही हैं।
ऑफिस पर SIT का बड़ा एक्शन, कई सबूत मिले
इसी बीच एसआईटी और फॉरेंसिक टीम ने अशोक खरात के ओकस स्थित कार्यालय पर छापा मारकर उसे सील कर दिया है। जांच के दौरान वहां से कई महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए हैं, जिनमें दस्तावेज, प्रिंटर और कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री शामिल है। तलाशी में तांबे की बोतल, पत्थर और कुछ महिलाओं के बाल भी मिले हैं। इन सबूतों से मामले में और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
‘यह सब धार्मिक क्रिया का हिस्सा था’
एसआईटी की पूछताछ के दौरान अशोक खरात खुद को बचाने के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने जांच अधिकारियों के सामने अजीबोगरीब दावा करते हुए कहा, “मेरे अंतर्मन ने मुझे धोखा दिया, मैंने जिनका भला किया वही अब मेरे खिलाफ हो गए हैं।”
‘किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की’
आरोपी ने बेशर्मी की हद पार करते हुए महिलाओं के साथ किए गए कृत्य को धार्मिक क्रिया का हिस्सा बताया है। उसका कहना है कि उसने किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की। पुलिस हिरासत में भी पाखंडी बाबा लगातार मंत्र जाप कर रहा है।
फिलहाल SIT की जांच जारी है और हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।


