भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के क्षेत्रीय कार्यालय, जयपुर द्वारा आज आरआईसी, जयपुर में “डिजिटल कनेक्टिविटी हेतु भवनों की रेटिंग” विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया। यह सेमिनार 25.10.2024 को जारी “डिजिटल कनेक्टिविटी हेतु संपत्तियों की रेटिंग विनियम” की पृष्ठभूमि में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य हितधारकों के बीच इस ढांचे एवं उसके क्रियान्वयन के संबंध में जागरूकता बढ़ाना था।

श्री राजेश के. अग्रवाल, आईटीएस, क्षेत्रीय प्रमुख, TRAI RO जयपुर ने मुख्य भाषण दिया, जिसमें आधुनिक भवनों के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी को एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा के रूप में रेखांकित किया।
श्री मुकेश कुमार चौहान, आईटीएस, अतिरिक्त निदेशक जनसंचार विभाग, राजस्थान LSA, मुख्य अतिथि के रूप में सेमिनार का उद्घाटन किया और बढ़ती हुई निर्बाध संचार सेवाओं की मांग को पूरा करने के लिए भवन योजना में डिजिटल कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं को समाहित करने पर जोर दिया।


इस सेमिनार में विभिन्न हितधारकों की उत्साही भागीदारी देखी गई, जिनमें RERA, CREDAI, प्रॉपर्टी मैनेजर्स, दूरसंचार विभाग, राजस्थान सरकार (DoIT, UDH, टाउन प्लानिंग, नगर निगम, होटल एसोसिएशन जयपुर मेट्रो), डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसियां (DCRAs), IP-1 प्रदाता, दूरसंचार और इंटरनेट सेवा प्रदाता, MNIT जयपुर, टाउन प्लानिंग संस्थान और आर्किटेक्चर कॉलेज शामिल थे।
श्री तेजपाल सिंह, सलाहकार (QoS), TRAI ने भवन रेटिंग ढांचे की विस्तृत जानकारी दी तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रमुख वक्ताओं में श्री अनुराग शर्मा (अध्यक्ष, CREDAI राजस्थान) एवं श्री हुसैन खान (अध्यक्ष, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान) ने शहरी विकास में डिजिटल कनेक्टिविटी अवसंरचना के महत्व पर अपने विचार साझा किए।


तकनीकी सत्रों में विनियमों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) के श्री पवन कुमार ने राष्ट्रीय भवन संहिता (NBC) एवं मॉडल बिल्डिंग बायलॉज में डिजिटल कनेक्टिविटी अवसंरचना के एकीकरण पर प्रकाश डाला। श्री तरुण टौंक ने रेटिंग प्रक्रिया एवं DCRAs की भूमिका का प्रदर्शन किया, जबकि इंडस टावर्स लिमिटेड के श्री मनोज मिश्रा ने इन-बिल्डिंग सॉल्यूशंस एवं उपभोक्ता अनुभव को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की।
“डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग ढांचे के क्रियान्वयन में चुनौतियां एवं अवसर” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में उद्योग, शिक्षाविदों एवं सरकार के विशेषज्ञों ने भाग लिया और प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
यह सेमिनार हितधारकों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ और भवनों में मजबूत डिजिटल अवसंरचना को बढ़ावा देने, सेवा की गुणवत्ता सुधारने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के प्रति TRAI की प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम का समापन श्री जे. पी. गर्ग, संयुक्त सलाहकार, TRAI आरओ जयपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


